देहरादून-: नशे की लत के चलते पटेलनगर अंतर्गत एक घर के आगे खड़ी साईकिल चोरी करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त नशे का आदी है। पुलिस ने अभियुक्त के पास से अलग-अलग स्थानों से चुराई गयी 6 अन्य साईकिले भी बरामद की है।
कल रविवार को वादी शोभा सिंह पुत्र महेंद्र द्वारा कोतवाली पटेलनगर में उनके घर के आगे से उनकी साईकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई। वादी की शिकायत पर कोतवाली पटेलनगर द्वारा धारा- 305(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पटेलनगर पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना स्थल तथा उसके आस-पास आने जाने वाले रास्तो पर लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से संदिग्धों के सम्बन्ध में जानकारियां एकत्रित की गई। पुलिस द्वारा जुटाई गई सभी जानकारियों के आधार पर घटना के मात्र 24 घंटे के अंदर 27 सितंबर देर रात चैकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर घटना में शामिल अभियुक्त सौरभ अरोरा(27) पुत्र नरेश अरोड़ा निवासी संजय कॉलोनी, थाना पटेल नगर को चोरी की गई साईकिल के साथ गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया कि वह नशे का आदी है तथा अपने नशे की पूर्ति के लिए उसके द्वारा उक्त चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। अभियुक्त चुराई गई साईकिल बेचने की फिराक में था पर उससे पूर्व ही पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस द्वारा उसके कब्जे से अलग-अलग स्थानों से चुराई गयी चोरी 6 अन्य साइकिले बरामद की गई है, जिनके संबंध में जानकारी की जा रही है।