ज्ञानसू-: आज सोमवार को पुलिस लाइन ज्ञानसू, उत्तरकाशी स्थित भागीरथी कॉन्फ्रेंस हॉल में पुलिस कप्तान उत्तरकाशी, शकमलेश उपाध्याय द्वारा अपने पुलिस अधिकारियों व कर्मियों का मासिक अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में कप्तान द्वारा जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, साइबर अपराध, नशे के विरुद्ध कार्रवाई, यातायात व्यवस्था एवं मानसून तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत करते हुए पुलिस कप्तान उत्तरकाशी द्वारा सैनिक सम्मेलन के दौरान अधिकारी एवं कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि उनकी टीम के कल्याण एवं बेहतर कार्य वातावरण को प्राथमिकता देना जरूरी है।
वर्तमान मेंजनपद में मानसूनी सीजन के तहत सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों को आपदा उपकरण, वाहन एवं पर्याप्त पुलिस बल को सदैव तैयार एवं अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए। थाना क्षेत्रों में कार्यरत आपदा स्वयंसेवकों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए उन्हें राहत एवं बचाव कार्यों का आवश्यक प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
अवैध मादक पदार्थों एवं नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक महोदया ने स्मैक, चरस, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अवैध शराब की तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर भी सख्ती से कार्रवाई करने तथा प्रभावी सूचनातंत्र विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होने खास तौर पर लगातार नशे के कारोबार में संलिप्त एवं आदतन अपराधियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट सहित निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। गुमशुदगी एवं महिला अपराधों के मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
हाल ही में उत्तरकाशी पुलिस बल द्वारा कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, निर्बाध, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की पुलिस कप्तान कमलेश द्वारा सराहना की गई। उनके द्वारा बताया गया की इस बार गंगोत्री धाम पर कांवड यात्रा के दौरान बडी संख्या में कावडियों व यातायात का आवागमन हुआ है, बरसात के मौसम व विभिन्न चुनौतियों के बीच सभी अधिकारी एवं कर्मियों द्वारा अपनी ड्यूटियों व कर्तव्यों का बखूबी निर्वहन किया गया, कांवड़ मेला जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों में पुलिस बल की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण एवं टीम भावना ही सफल पुलिसिंग की पहचान है। उन्होंने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों से इसी प्रकार पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। इस दौरान उनके द्वारा कांवड के दौरान उत्कृष्ट ड्यूटी करने वाले 63 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति/सम्मान देकर उनकी हौसलाफजाई की गई।
सम्मानित होने वालों में 1-निरीक्षक दिनेश कुमार (एसएचओ कोतवाली),2- दीपक नौटियाल (एसएचओ मनेरी),3- प्रदीप सिंह तोमर (एसएचओ हर्षिल), 4-मनोज असवाल(एसएचओ धरासू), 5-सुनील कुमार (निरीक्षक यातायात) सहित उपनिरीक्षक, अपर उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी, आरक्षी, महिला आरक्षी, होमगार्ड एवं पीआरडी के अधिकारी/कर्मचारी शामिल रहे।
मासिक अपराध गोष्ठी में जनपद के अपराधों की विस्तृत समीक्षा करते हुए पुलिस कप्तान ने लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लंबित शिकायतों, समन, नोटिस एवं वारंटों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। साइबर अपराधों में साइबर सेल के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करने तथा म्यूल बैंक खातों, मोबाइल नंबरों एवं सिम कार्डों के सत्यापन हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। नए कानूनों, साइबर अपराध, यातायात नियमों एवं नशा विरोधी अभियानों के संबंध में आमजन को जागरूक करने पर भी विशेष बल दिया गया।
सभी ऑनलाइन पोर्टलों को नियमित रूप से अपडेट रखने तथा पुलिसिंग में तकनीकी दक्षता एवं कार्यकुशलता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के साथ शालीन, संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने की स्पष्ट हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में अनुशासन के साथ-साथ जनसेवा की भावना सर्वोपरि होनी चाहिए।
मासिक अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन के दौरान पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार, पुलिस उपाधीक्षक बडकोट चंचल शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक शिव कुमार, जनसम्पर्क अधिकारी अजय सिंह, निरीक्षक अभिसूचना विकास नौटियाल, निरीक्षक यातायात सुनील कुमार, प्रभारी निरीक्षक शिकायत प्रकोष्ट टीकम सिंह चौहान, निरीक्षक बी. एस. चौहान, प्रभारी एसओजी निखिल देव चौधरी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्म0गण मौजूद रहे।
*अभियोजन अधिकारियों ने विवेचकों को दिया मार्गदर्शन*
मासिक अपराध बैठक में सहायक निदेशक अभियोजन अरुण गौड़ द्वारा अभियोजन संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पुलिस कर्मियों को मार्गदर्शन प्रदान किया गया। वहीं डीजीसी प्रवीण एवं एडीजीसी पूनम द्वारा उपस्थित विवेचकों को अभियोजन प्रक्रिया, विवेचनाओं की गुणवत्ता एवं आवश्यक सुधार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।