
देहरादून-: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने उत्तराखंड के अलग अलग विभागों में समूह ग के अंतर्गत वर्दीधारी सिपाही के 1694 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने की अधिसूचना जारी की है।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा कल मंगलवार को भर्ती की अधिसूचना जारी करते हुए 25 नवंबर से 25 दिसंबर 2026 तक योग्य अभ्यर्थियों को आनलाइन आवेदन हेतु आमन्त्रित किया है।अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवदेन कर सकते है।
भर्ती में आयोग द्वारा उत्तराखंड आरक्षी जनपदीय पुलिस (पुरुष) के 464, पीएसी-आइआरबी के 284, जनपदीय पुलिस (महिला) के 238 और फायरमैन के 201 पद शामिल किये है। साथ ही वन आरक्षी के 171, स्पेशल टाइगर गार्ड के 75, बंदीरक्षक के 117, महिला बंदीरक्षक के 27, सचिवालय रक्षक के 54, आबकारी सिपाही के 45 और परिवहन आरक्षी के 18 पदों पर भी युवाओं के लिए भर्ती आमंत्रित की गई है।
अधिसूचना के तहत आवेदन पत्र में संशोधन को आयोग ने 28 से 30 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया है। अभ्यर्थियों को हाईस्कूल प्रमाणपत्र के साथ आधार कार्ड की प्रति व लागू आरक्षण श्रेणी और पर्वतीय क्षेत्र से संबंधित प्रमाणपत्र भी अपलोड करने होंगे। लिखित परीक्षा चार अप्रैल 2027 को प्रस्तावित है।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष जीएस मार्ताेलिया ने बताया कि वर्दीधारी सिपाही भर्ती में चयन दो चरणों में होगा। पहले चरण में अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। इसमें सफल घोषित अभ्यर्थी ही दूसरे चरण में शामिल होंगे। दूसरे चरण में 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ प्रकार की बहुविकल्पीय लिखित प्रतियोगी परीक्षा होगी। यह परीक्षा आफलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी।
यूकेएसएसएससी की वर्दीधारी (समूह-ग सिपाही/कांस्टेबल आदि) भर्तियों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12 वीं पास व न्यूनतम आयु 18 वर्ष रखी गयी है। कुछ पदों जैसे बंदीरक्षकों या उप कारापाल के लिए 21 वर्ष आयु निर्धारित की गई है।


