पिथौरागढ़:थाना जाजरदेवल पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर चोरी किए गए आभूषण भी बरामद किए हैं। मामले में बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना जाजरदेवल में धारा 305 बीएनएस के तहत दर्ज मुकदमे में ग्राम सुजई निवासी रमेश सिंह धामी ने अपने घर के बगल में स्थित रिश्तेदार के घर से आभूषण चोरी होने की सूचना दी थी। घटना की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ संदिग्धों से पूछताछ की।
थानाध्यक्ष प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अहमद नबी (37) निवासी धमौरा, थाना मिलक, जनपद रामपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर एक चौकर, मोतियों की माला, लाल छोटे मोतियों की माला तथा डिजाइनदार पीली धातु की चैन से जुड़ा गोलबंद का आधा हिस्सा बरामद किया गया। गोलबंद के आधे हिस्से में नौ डिजाइनदार टुकड़े जुड़े हुए बताए गए हैं।
बरामद आभूषणों की पहचान वादी रमेश सिंह धामी और उनकी पत्नी ममता धामी ने की। उन्होंने पुलिस को बताया कि ये आभूषण उनकी बहन मंजू धामी के थे, जो चोरी हो गए थे। पुलिस ने बरामद आभूषणों को नियमानुसार कब्जे में लेते हुए मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ ने पुलिस टीम की कार्रवाई पर 2500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस टीम में एसआई महाबीर सिंह, एसआई मनोज कुमार, एसआई सुप्रिया नेगी, हेड कांस्टेबल पंकज भंडारी, हेड कांस्टेबल जरनैल सिंह और कांस्टेबल चालक इंदरप्रकाश शामिल रहे।