देहरादून-: एक चोर द्वारा बंद घर मे सेंधमारी कर घर मे रखी रिवाल्वर, कारतूस व नगदी पर हाथ साफ कर लिया। अभियुक्त नशेड़ी होने के चलते नगदी तो अपने नशे के लिए खर्च कर दी किन्तु रिवाल्वर व कारतूस अपनी जेब मे रख घूम लोगो को डराने-धमकाने के लिए रख लिया। अभियुक्त पर 10 आपराधिक मुकदमे पूर्व से ही दर्ज है।
कल शुक्रवार को वादी शैलेन्द्र सिंह त्यागी पुत्र स्व0 हरिराम सिंह त्यागी निवासी- 27-46/1 इन्दर रोड, डालनवाला द्वारा कोतवाली डालनवाला में शिकायत दर्ज करवाई कि वह कुछ दिनों पहले अपने निजी काम से घर से बाहर गए थे अपने निजी काम से घर से बाहर गये हुए थे, और 23 जुलाई को वह वापिस घर आये तो उन्होने देखा कि उनके घर की अलमारी का सेफ टूटा हुआ था तथा सेफ से उनकी लाईसेंसी रिवाल्वर तथा कारतूस व सेफ में रखी हुई नगदी गायब थी। वादी की शिकायत पर पुलिस ने मु0अ0स0- 116/2026 पंजीकृत कर छानबीन शुरू की।
डालनवाला पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल तथा उसके आस-पास आने जाने वाले रास्तो पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले व संदिग्धों को चिन्हित कर उनके विषय मे जानकारी एकत्रित की। इस बीच कल गुरुवार को पुलिस टीम द्वारा चैकिंग के दौरान बलबीर रोड पानी की टंकी निकट रैन बसेरा के पास मोहिनी रोड की तरफ से नदी के किनारे बने रास्ते पर एक व्यक्ति बलबीर रोड की तरफ से आता हुआ दिखाई दिया। युवक ने पुलिस टीम को देखा तो वह वापस पीछे मुड़कर भागने लगा। जिसपर पुलिस टीम को अभियुक्त के संदिग्ध लगने पर उसका पीछा कर उसको पकड़ लिया। अभियुक्त की पहचान
हसनैन उर्फ राजा(24) पुत्र स्व० गुलाम अहमद निवासी- निकट निर्मला बर्तन स्टोर महौल्ला, भगत सिंह कॉलोनी, थाना डालनवाला जिला देहरादून के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक स्वदेशी रिवाल्वर तथा 10 जिंदा कारतूस बरामद किये है। रिवॉल्वर के संबंध में पूछताछ करने पर अभियुक्त ने बताया कि उसने इंदर रोड स्थित एक घर से चोरी की थी।।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त नशे का आदी है तथा अपने नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिये उसके द्वारा चोरी की गयी थी जहां उसे रिवाल्वर, जिंदा कारतूस व कुछ नगदी मिली थी। घटना में प्राप्त नगदी को अभियुक्त द्वारा नशे में खर्च कर दिया गया है। तथा रिवाल्वर और कारतूस से लोगों को डराने-धमकाने के लिए उसे अपने पास रखा लिया था। गिरफ्तारी के वक़्त भी अभियुक्त चोरी की किसी अन्य घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था।
अभियुक्त पूर्व में भी चोरी व अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है, जिसके विरूद्ध पूर्व में आपराधिक घटनाओं के 10 अभियोग पंजीकृत हैं।