चमोली: चमोली के गैरसैंण में विद्युत तार चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखा गया करीब 600 मीटर विद्युत तार बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार कल थाना गैरसैंण पुलिस को मुखबिर के माध्यम से *मु0अ0सं0-20/26, धारा 303(2)* बीएनएस से संबंधित नामजद अभियुक्त के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार द्वारा विद्युत तार चोरी की घटना में वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं चोरी के माल की बरामदगी के निर्देश दिए गए थे। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद खुगशाल के नेतृत्व में थाना गैरसैंण पुलिस टीम ने सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सुरागरसी-पतारसी शुरू की।
पुलिस टीम जब आदिबद्री हनुमान मंदिर के पास पहुंची तो पता चला की विद्युत तार चोरी की घटना से संबंधित मुख्य आरोपी कुछ समय पूर्व आने-जाने वाले वाहनों को हाथ देकर रोककर उनकी तलाश कर रहा था। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की। इसी दौरान मटियाला-नौटी रोड पर सुगड़ बैंड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर ही दबोच लिया।
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम *आस मोहम्मद पुत्र साबिर हुसैन, निवासी महमूदपुर टिगरी, थाना भोजपुर, जिला मुरादाबाद, (उम्र 37 वर्ष) बताया।
पूछताछ में अभियुक्त ने अपने साथियों वसीम एवं मुजफ्फर के साथ मिलकर पूर्व में मटियाला एवं घंडियाल धार से 04 केबिल ड्रम खोलकर विद्युत तार चोरी करने की बात स्वीकार की। अभियुक्त ने बताया कि चोरी का माल लोडर वाहन से ले जाते समय अधिक माल होने के कारण उसने कुछ तार सुगड़ बैंड से आगे कर्णप्रयाग की ओर जंगल में छिपा दिए थे, जबकि शेष चोरी का माल चलते-फिरते कबाड़ियों को बेच दिया था।
अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस टीम द्वारा मटियाला-नौटी रोड से करीब 20 मीटर अंदर जंगल में सघन चेकिंग की गई। इस दौरान सूखे पत्तों एवं झाड़ियों के बीच छिपाकर रखे गए विद्युत के 03 लच्छेदार तार, प्रत्येक लगभग 200 मीटर, कुल करीब 600 मीटर विद्युत तार बरामद किया गया।