
बद्रीनाथ:बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा के साथ उनकी सहायता के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में बद्रीनाथ में तैनात पुलिसकर्मियों ने अलग-अलग घटनाओं में श्रद्धालुओं के खोए मोबाइल फोन, पर्स, नकदी और एटीएम कार्ड तलाश कर उन्हें सुरक्षित वापस लौटाया।
हेड कांस्टेबल चंदन नगरकोटी और कांस्टेबल शीशपाल ने एक श्रद्धालु का खोया हुआ Samsung Z Fold मोबाइल फोन तलाश कर सकुशल उसके सुपुर्द किया। वहीं कांस्टेबल आशुतोष तिवारी ने भी एक श्रद्धालु का खोया मोबाइल फोन ढूंढकर उसे वापस लौटाया।

इसी दौरान मध्य प्रदेश निवासी प्रियांशु को सड़क पर गुजरात निवासी यात्री अजीत का गिरा हुआ iPhone मिला। प्रियांशु ने ईमानदारी का परिचय देते हुए मोबाइल पुलिस की सहायता से उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाया। पुलिस की मौजूदगी में iPhone यात्री अजीत को सकुशल सौंप दिया गया।
वहीं, रुद्रप्रयाग निवासी विनीत गौड़ बद्रीनाथ धाम में दर्शन के लिए पहुंचे थे। इस दौरान मंदिर परिसर में उनका पर्स खो गया, जिसमें करीब 5,000 रुपये की नकदी और एटीएम कार्ड था। पुलिस कंट्रोल रूम में तैनात हेड कांस्टेबल दिवाकर सती ने पर्स को सुरक्षित रखकर उसकी पहचान सुनिश्चित की और बाद में उसे विनीत गौड़ के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस की इस तत्परता और श्रद्धालुओं के सहयोग से खोया सामान सुरक्षित वापस मिलने पर संबंधित श्रद्धालुओं ने पुलिसकर्मियों का आभार जताया।
