देहरादून:उत्तराखंड में पहली बार सिम बॉक्स के जरिए संचालित किए जा रहे अवैध दूरसंचार केंद्र का एसटीएफ ने पर्दाफाश किया है।
एसटीएफ की साइबर कुमाऊं इकाई ने ऊधमसिंहनगर के बाजपुर में कार्रवाई करते हुए 114 सिम कार्ड समेत दो सिम बॉक्स, 77 एंटीना, इंटरनेट राउटर, मोबाइल फोन और अन्य उपकरण के साथ एक आरोपी कादिर (उम्र24) पुत्र जाबिर अली, निवासी मिलक जुम्मावाली, ग्राम बेरखेड़ा चक, थाना भगतपुर, जिला मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि सिम बॉक्स के जरिए विदेशों और इंटरनेट आधारित माध्यम से आने वाली कॉल को भारतीय मोबाइल नंबर के रूप में प्रदर्शित किया जा रहा था। इससे कॉल करने वाले की वास्तविक पहचान और स्थान छिपाने में मदद मिलती थी।
जानकारी के अनुसार आरोपी करीब सात महीने से उक्त अवैध व्यवस्था चला रहा था, उसके बांग्लादेश के साइबर अपराधियों से संपर्क की जानकारी सामने आई है। इस व्यवस्था का इस्तेमाल डिजिटल गिरफ्तारी, फर्जी अधिकारी बनकर ठगी और अन्य साइबर अपराधों में किए जाने की आशंका है।
गिरफ्तार आरोपी वर्ष 2023 में मुरादाबाद के थाना कटघर में सिम बॉक्स के जरिए अवैध दूरसंचार केंद्र चलाने के मामले में गिरफ्तार हो चुका है और उसके खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज है। एसटीएफ आरोपी के विदेशी संपर्कों, साइबर नेटवर्क, बैंक खातों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
बाजपुर में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, सिम बॉक्स से चल रहे अवैध दूरसंचार केंद्र का भंडाफोड़
shikhrokiawaaz.com
09/22/2026
Comments
comment
date
latest news