टिहरी: जनपद टिहरी गढ़वाल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना मुनि की रेती पुलिस, सीआईयू और एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने करीब एक किलोग्राम अवैध चरस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी सीज कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत 30 जून की रात जानकी सेतु पार्किंग के पास सघन चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 980 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह चरस उत्तरकाशी जनपद के भटवाड़ी क्षेत्र से लेकर आए थे। पुलिस को पूछताछ के दौरान ड्रग्स तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य पैडलरों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना मुनि की रेती में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल पाल और रजत कुमार, निवासी जनपद शामली (उत्तर प्रदेश), के रूप में हुई है।
एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि जनपद में नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ड्रग्स माफिया के खिलाफ अभियान आगे भी पहले से अधिक सख्ती के साथ लगातार जारी रहेगा।