
देहरादून:राजधानी में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए दून पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत शनिवार देर रात विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संबंधित क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में होटल, बार, पब और रेस्टोरेंट में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान निर्धारित समय के बाद भी धोरन रोड स्थित डी-3 बार खुला मिलने और लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने संचालक को हिरासत में ले लिया। उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए बार का लाइसेंस निरस्त करने के लिए जिला प्रशासन को रिपोर्ट भेजी गई है।

अभियान के दौरान पुलिस ने देर रात अनावश्यक रूप से घूम रहे 61 व्यक्तियों और युवकों को पूछताछ व सत्यापन के लिए थाने लाया गया। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में 27 लोगों को गिरफ्तार किया गया। संबंधित वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत सीज करने की कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 97 वाहन चालकों के चालान किए गए, जबकि 39 वाहनों को सीज किया गया।
पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 78 व्यक्तियों के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत भी चालान की कार्रवाई की।

