देहरादून-: इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) द्वारा विद्यार्थियों को इग्नू के पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु मौके को विस्तार करते हुए जुलाई 2026 सत्र में प्रवेश एवं पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 सितंबर, 2026 तक बढ़ा दी है। जिसके तहत जुलाई 2026 सत्र में ऑनलाइन एवं ओपन डिस्टेंस लर्निंग (ओ.डी.एल.) दोनों माध्यमों में प्रमाणपत्र तथा सेमेस्टर आधारित कार्यक्रमों को छोड़कर अन्य कार्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थी अब 30 सितंबर, 2026 तक अपना प्रवेश सुनिश्चित कर सकते हैं। प्रवेश की प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थी लिंक https://ignouadmission.samarth.edu.in/ पर जाकर आवेदन कर सकते है।
पुनः पंजीकरण के इच्छुक अभियर्थियों को भी 30 सितंबर 2026 तक का अंतिम मौका इग्नू द्वारा दिया गया है, जिसके तहत अभ्यर्थी जुलाई 2026 सत्र में ऑनलाइन तथा ओडीएल दोनों ही माध्यमों में सभी कार्यक्रमों में पुनः पंजीकरण कर सकते है। हालांकि अभियर्थियों को पुनः पंजीकरण के लिए विलम्ब शुल्क 200 /- देना होगा। शिक्षार्थी पुनः पंजीकरण के लिए लिंक https://onlinerr.ignou.ac.in पर जाकर 30 सितंबर तक आवेदन कर सकते है।
इसके अतिरिक्त, इग्नू द्वारा दिसम्बर 2026 सत्रांत परीक्षा (टर्म एंड परीक्षा) के लिए आवेदन प्रक्रिया भी प्रारम्भ कर दी गई है। शिक्षार्थी बिना विलम्ब शुल्क के 30 सितंबर, 2026 तक सत्रांत परीक्षा के लिए अपना ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।वहीं जिन अभियर्थियों का किसी कारणवश परीक्षा फार्म भरना रह जायेगा वह अभ्यर्थी 1 अक्टूबर 2026 से 15 अक्टूबर 2026 तक 1100 रुपये के विलम्ब शुल्क के साथ परीक्षा फॉर्म भर सकता है।
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र देहरादून के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कुमार डिमरी ने बताया कि शिक्षार्थियों के लिए जुलाई 2026 सत्र में प्रवेश एवं पुनः पंजीकरण का यह बेहतरीन मौका हो सकता है अतः सभी इच्छुक शिक्षार्थी निर्धारित अंतिम तिथियों का ध्यान रखते हुए प्रवेश एवं पुनः पंजीकरण की प्रक्रिया समय पर पूर्ण करें।
वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक ने विद्यार्थियों से यह भी कहा की जो भी शिक्षार्थी दिसम्बर 2026 की सत्रांत परीक्षा में सम्मिलित होने के पात्र हैं वे 30 सितम्बर 2026 तक इग्नू के समर्थ स्टूडेंट पोर्टल पर जाकर परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं।