देहरादून-: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) द्वारा वर्तमान समय मे शिक्षा व रोजगार के क्षेत्र में आते बड़े बदलावों को देख अपनी शिक्षा व्यवस्था में भी बडे बदलाव किए है। इग्नू द्वारा पारंपरिक कोर्सों के इतर छात्रो को अब उन पाठ्यक्रमों को भी इग्नू कोर्स के तौर पर लांच कर रहा है, जिसके विषय मे छात्र उत्सुक रहते थे व विदेशों में देखा करते थे। जिस क्रम में इग्नू द्वारा जुलाई 2026 से मास्टर ऑफ़ साइंस (एमएससी) (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग) -MSCAIML कार्यक्रम शुरू किया है। यह कार्यक्रम अभियर्थियों के लिए अत्याधुनिक तकनीकों और उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रारंभ किया गया है। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों, कार्यरत पेशेवरों तथा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए एक बेहतरीन अवसर प्रदान करेगा।
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र देहरादून के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कुमार डिमरी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग वर्तमान में केवल भविष्य के लिए ही नहीं, बल्कि वर्तमान में भी सबसे महत्वपूर्ण तकनीकों में शामिल हैं। इग्नू का एमएससी (एआई एवं एलएल) कार्यक्रम विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी तकनीकी दक्षता प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होमे बताया कि ओपेन व डिस्टेंस लर्निंग शिक्षा प्रणाली के माध्यम से यह कार्यक्रम उन विद्यार्थियों और कार्यरत पेशेवरों के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगा, जो गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के साथ-साथ अपने व्यावसायिक दायित्वों का भी निर्वहन करना चाहते हैं।
इग्नू द्वारा जुलाई 2026 नवीन प्रवेश व पुनः रजिस्ट्रेशन हेतु 16 जुलाई 2016 अंतिम तिथि निर्धारित की है। अनिल कुमार डिमरी ने बताया कि जो विद्यार्थी अभी भी प्रवेश से वंचित हैं उनके लिए यह एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने सभी पात्र विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस विस्तारित अवधि का अधिकतम लाभ उठाते हुए समय रहते अपना प्रवेश अथवा पुनः पंजीकरण सुनिश्चित करें और अपने शैक्षणिक भविष्य को नई दिशा दें। इच्छुक विद्यार्थी इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट www.ignou.ac.in पर जाकर student services के Admission अनुभाग के माध्यम से कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्राप्त करके ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रवेश की पुष्टि के उपरांत पात्र छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से भारत सरकार की विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण के समय अभ्यर्थी अपना स्वयं का ई-मेल पता एवं मोबाइल नंबर ही दर्ज करें, ताकि विश्वविद्यालय द्वारा भेजी जाने वाली सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं सीधे उन्हें प्राप्त हो सकें। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी EMPC-IGNOU के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी उपलब्ध है।