
देहरादून:उत्तराखंड के पर्वतीय और दुर्गम इलाकों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और पहल की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मंगलवार को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जनपदों के लिए दो मोबाइल मेडिकल यूनिट 'आरोग्य रथ' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन मोबाइल चिकित्सा वाहनों के माध्यम से उन दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, जहां भौगोलिक परिस्थितियों और दूरी के कारण लोगों को इलाज के लिए कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यह पहल पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत टीएसएल फाउंडेशन के सहयोग से शुरू की गई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश के पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए जरूरी है कि चिकित्सा सेवाएं केवल शहरों और बड़े अस्पतालों तक सीमित न रहें, बल्कि गांवों में रहने वाले लोगों को भी उनके आसपास ही उपचार और स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि आरोग्य रथ जैसी पहल से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को प्राथमिक चिकित्सा सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी और उन्हें छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए लंबी दूरी तय करने की जरूरत भी कम पड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन मोबाइल मेडिकल यूनिट में चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्ट और जरूरी दवाओं की व्यवस्था की गई है। इनके जरिए लोगों को प्राथमिक उपचार, निवारक स्वास्थ्य सेवाएं और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की शुरुआती जांच की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा जरूरत के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने के साथ ही लोगों को स्वास्थ्य और बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। इससे समय रहते स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान करने और मरीजों को उचित चिकित्सा सलाह दिलाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और उनकी पहुंच का दायरा बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विशेष रूप से पहाड़ी और दूरस्थ इलाकों में रहने वाली आबादी तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकारी प्रयासों के साथ-साथ कॉर्पोरेट संस्थानों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी भी विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी विभिन्न संस्थाएं स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य सामाजिक क्षेत्रों में प्रदेश के विकास के लिए इसी तरह सहयोग करती रहेंगी।
उक्त कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, सदस्य पलायन निवारण आयोग अनिल सिंह शाही, सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव मनमोहन मैनाली, पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन की वरिष्ठ निदेशक (सीएसआर) अनंतिका सिंह, टीएसएल ग्रुप के सीईओ साहिल अरोड़ा और निदेशक आदेश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

