देहरादून:उत्तराखण्ड में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। रेलवे मंत्रालय ने हरिद्वार को तीन महत्वपूर्ण रेल सेवाओं की सौगात दी है। इनमें बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार तथा हरिद्वार–वेरावल एसी एक्सप्रेस और हरिद्वार–ओखा एसी एक्सप्रेस का संचालन शामिल है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र के माध्यम से इन रेल सेवाओं को स्वीकृति दिए जाने की जानकारी दी। इन नई सेवाओं से हरिद्वार की देश के विभिन्न प्रमुख शहरों और धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों से रेल कनेक्टिविटी और बेहतर होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की धार्मिक, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में बेहतर रेल कनेक्टिविटी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में रेल सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। नई रेल सेवाओं से उत्तराखण्ड आने वाले तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही हरिद्वार की देश के अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों से कनेक्टिविटी मजबूत होने से पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।