देहरादून-: जल्दी पैसा कमाने के लालच में अपने ही आफिस के गोदाम में पीछे 4-5 महीनो से सेंधमारी कर धीरे धीरे तारो का बंडल चोरी कर कबाड़ियों को बेच अपने गांव भागने की फिराक में रहे एक अभियुक्त को पटेलनगर पुलिस द्वारा 2 कबाड़ियों संग चोरी के माल समेत गिरफ़्तार किया है।
बीती 30 सितंबर को वादी अंकित चौहान, एरिया सेल्स मैनेजर सूर्या संसार आफिस पित्थूवाला देहरादून ने कोतवाली पटेलनगर में अपने ही आफिस में काम करने वाले जतिन चौहान द्वारा उनके आफिस के गोदाम से तार के बन्डल चोरी किये जाने की शिकायत दी थी। वादी की शिकायत पर पटेलनगर पुलिस द्वारा मु0अ0सं0 - 693/26 धारा- 306 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया।
वादी द्वारा दी गयी शिकायत पर पुलिस द्वारा वादी के आफिस व उसके आसपास जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली गयी। पुलिस द्वारा घटना से जुड़ी सभी जानकारियां व लिंक्स एकत्रित करते हुए कल गुरुवार को चैकिंग के दौरान एक मुखबिर की सूचना पर घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त
1- जतिन चौहान(27) पुत्र जितेन्द्र चौहान निवासी पित्थूवाला खुर्द, वैष्णवी लोक काँलोनी, पटेलनगर, देहरादून मूल पता कालूवाला पहरीपुर, जहाँपुर सहारनपुर, उ0प्र0 को चोरी किया हुआ माल खरीदने वाले 2 अभियुक्तो 1-संजीत(30) पुत्र नन्दलाल सैनी निवासी टीसीडी, थाना बसवारा, जिला दरभंगा, बिहार हाल पता राजपुर रोड, कण्डोली, थाना रायपुर, देहरादून, 2-तालिब(20) पुत्र दिलशाद निवासी मेहुँवाला माफी, पटेलनगर, देहरादून मूल पता कीनौडी, थाना मीरापुर, मुजफ्फरनगर, उ0प्र0 को निर्माणाधीन हाईवे के पास चन्द्रबनी पटेलनगर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अभियुक्तो के पास से चोरी किये गये तार के बन्डल बरामद किये है।
पूछताछ में अभियुक्त जतिन चौहान द्वारा बताया गया वह वादी के आफिस में करीब 2 वर्ष से काम करता था। ज्यादा पैसा कमाने की लालच में वह पिछले 4-5 महीने से वादी के गोदाम से तार के बन्डल चुराकर कबाड़ियों को औने पौने दाम पर बेचता था। जब उसके मालिक को उसके द्वारा गोदाम से तार के बन्डल चोरी किये जाने की जानकारी हुई, तो उसके मालिक के द्वारा उसके खिलाफ थाने में मुकदमा लिखवाया गया।
पुलिस के अनुसार आज अभियुक्त जतिन चुराए गए सभी तारों के बन्डलों को पकड़े गए दोनो कबाड़ियों को बेचकर अपने गाँव भागने की फिराक में था, पर उससे पूर्व ही पुलिस ने उस सभी को पकड लिया।