देहरादून-: कल शनिवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन एक राष्ट्रीय अखबार के कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के तौर पर देहरादून पधार रहे है। उनके आगमन के दृष्टिगत कप्तान अजय सिंह द्वारा आज शुक्रवार को पुलिस लाईन में सुरक्षा ड्यूटी में तैनात अपने सम्पूर्ण पुलिस बल को व्यवस्था के एक बिंदु के विषय मे ब्रीफ किया।
ब्रीफिंग के दौरान अजय सिंह द्वारा सर्वप्रथम वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत किए गए सुरक्षा-प्रबंधों की समीक्षा की गई तथा वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य के दृष्टिगत सभी अधिकारी/कर्मचारियों को सजग व सतर्क रहकर अपना कर्तव्य निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया गया।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था सुनील कुमार मीणा तथा कप्तान दून अजय सिंह द्वारा ड्यूटी में लगने वाले समस्त पुलिस बल को अपनी ड्यूटी पर 3 घंटे पूर्व पहुँच सम्पूर्ण व्यवस्था समझने व ड्यूटी की डिटेल्स लेने व आसपास के स्थल को स्वयं से सतर्कता से चेक करने को कहा व चेकिंग के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु मिलने पर उसकी सूचना तत्काल उच्चाधिकारी गणों को देने को आदेशित किया।
आईजी ने टीम को निर्देशित किया कि वी0वी0आई0पी0 से मिलने वाले व्यक्तियों पर भी सुरक्षा के पहलु से सतर्क दृष्टि रखी जाए एवं पूर्व में नामित व्यक्तियों को ही एंटी सबोटाज चेकिंग के पश्चात कार्यक्रम स्थल में जाने की अनुमति दी जाए। साथ ही कार्यक्रम स्थल के आस पास के ऊँचे स्थानों/पानी की टंकियों की बी0डी0एस0 व डाग स्कवाड टीम से सघन चैकिंग कर वहाँ पर आवश्यक पुलिस बल को नियुक्त करना सुनिश्चित करें।
वी0वी0आई0पी0 रूट के प्रभारी अधिकारी को निर्देशित किया गया कि वह वी0वी0आई0पी0 भ्रमण से पूर्व वह स्वयं से सम्पूर्ण रुट का निरीक्षण कर इस बात को सुनिश्चित कर ले कि उक्त मार्ग पर कोई निर्माण सामग्री न पडी हो, साथ ही वी0वी0आई0पी0 रूट पर फ्लीट मूंवमेट के दौरान जिन चौराहों पर यातायात का दबाव अधिक रहता है, उनमें पूर्व से बैरिकेडिंग अथवा रस्सो की सहायता से ट्रैफिक को रोकने की व्यवस्था की जाये।
सभी नोडल पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वह अपने साथ वर्दी एवं सादे में लगने वाले समस्त पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों की पहचान करते हुए उनके ड्यूटी कार्ड चैक कर उन्हें ड्यूटी के संबंध में भली-भांति ब्रीफ कर ले तथा इस बात को सुनिश्चित कर लें कि ड्यूटी में नियुक्त अधिकारी/कर्मचारिगण अपने ड्यूटी स्थल को छोड़कर किसी एक स्थान पर एकत्रित न हो।
उक्त ब्रीफिंग के दौरान एसपी मुख्यालय राम चन्द्र राजगुरु, कप्तान टिहरी आयुष अग्रवाल व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।