
देहरादून: राजधानी देहरादून में एक के बाद एक हत्या के मामले ने राजधानी को दहला कर रख दिया है।
आज मंगलवार दोपहर एक बार फिर राजधानी देहरादून दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर की वारदात सामने आई।
थाना रायपुर पुलिस को विष्णुलोक कॉलोनी में एक व्यक्ति द्वारा घर में चोरी किये जाने तथा उसे मौके पर लोगों द्वारा पकड़ लिये जाने की सूचना प्राप्त हुई। प्राप्त सूचना पर थानाध्यक्ष रायपुर पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। मौके पर विष्णुलोक कॉलोनी स्थित एक घर के पास स्थानीय लोगों द्वारा एक व्यक्ति को पकड़ा हुआ था, जिससे जानकारी करने पर उसके द्वारा पेचकस से घर में रहने वाले बुजुर्ग दम्पत्ति व एक महिला पर हमला किये जाने की बात बताई गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल घटना स्थल पहुंचे और घटना का जायजा लिया।
मौके पर घर के अन्दर एक बुजुर्ग दम्पत्ति व एक महिला लहूलुहान हालत में अचेत पड़े थे, जिन्हें स्थानीय व्यक्तियों की सहायता से पुलिस द्वारा तत्काल उपचार हेतु कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों द्वारा उन्हें मृत घोषित किया गया। पुलिस द्वारा घटनास्थल से घटना में प्रयुक्त आला कत्ल पेचकस बरामद किया गया।
मौके पर फॉरेंसिक व फील्ड यूनिट की टीम को बुलाकर घटनास्थल की विधिवत फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी करते हुए साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई।
घटना के सम्बन्ध में मृतक महिला के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर तत्काल थाना रायपुर पर हत्या का अभियोग पंजीकृत करते हुए हिरासत में लिये गये अभियुक्त राजकुमार को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया। जिसके पास से एक सोने की चेन बरामद हुई। घटनास्थल व उसके आस-पास के सीसीटीवी कैमरों के अवलोकन से अभियुक्त बुजुर्ग दम्पत्ति के घर की ओर अकेला आता हुआ दिखाई दिया है। अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहनता से अवलोकन किया जा रहा है।
पूछताछ में अभियुक्त राजकुमार पुत्र वीरेन्द्र सिंह निवासी इन्द्रेश नगर, नियर सहारनपुर चौक, थाना कोतवाली नगर, देहरादून।
मूल निवासी बांदा, थाना किरतपुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश।
द्वारा बताया गया कि वह प्लम्बर का कार्य करता है तथा विगत 02 वर्षों से बुजुर्ग दम्पत्ति के घर प्लम्बिंग के कार्य के लिये आ रहा था। आज भी अभियुक्त बुजुर्ग दम्पत्ति के बुलाने पर प्लम्बिंग के कार्य के लिये उनके घर आया था। काम पूरा करने के बाद 600 रुपये में बात तह हुई थी और बुजुर्ग द्वारा अभियुक्त को 300 रुपये ही दिए गए जिस कारण गुस्से में आकर अभियुक्त ने उन्हें जान से मारने की नीयत से अपने पास रखे पेचकस से उन पर हमला कर उनकी हत्या कर दी।
इस दौरान पड़ोस के घर में काम करने वाली नौकरानी ने बुजुर्ग दम्पत्ति की आवाज सुनकर घर पर आने तथा बीच-बचाव करने के दौरान अभियुक्त द्वारा उस पर भी पेचकस से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस द्वारा घटना के सभी पहलुओं की गहनता से विवेचना करते हुए अभियुक्त से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

विवरण मृतक:
रजनी कपूर, पत्नी रमेश चन्द्र कपूर, निवासी लेन नंबर दो, विष्णु लोक कॉलोनी, तपोवन रोड, थाना रायपुर, देहरादून (उम्र 75 वर्ष)
रमेश कपूर, पुत्र स्वर्गीय द्वारिका दास कपूर, निवासी उपरोक्त (उम्र 80 वर्ष)
लिलया देवी उर्फ शीला, पत्नी स्व. पवन राम, निवासी बिहारी बस्ती, विद्या विहार, थाना रायपुर, देहरादून (उम्र 48 वर्ष) (नौकरानी)।
