
पिथौरागढ़:मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ जिले के सीमांत क्षेत्र में काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए 102.72 करोड़ रुपये की लागत वाली 25 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 102.48 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का शिलान्यास और 24 लाख रुपये की एक योजना का लोकार्पण शामिल है। साथ ही मुख्यमंत्री ने मेले के सफल आयोजन के लिए 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने जौलजीबी मेले को भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, सामाजिक और व्यापारिक संबंधों का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन दोनों देशों के लोगों को आपस में जोड़ने के साथ ही सीमांत क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे मेले स्थानीय कलाकारों, व्यापारियों और पारंपरिक उत्पादों को प्रोत्साहन देने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से परिचित कराने का भी माध्यम हैं।
सीमांत क्षेत्रों के विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इन इलाकों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन और स्थानीय संस्कृति के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार की नई संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं। सरकार का उद्देश्य दूरस्थ गांवों तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए विकास प्रदर्शनों और स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय योजनाओं, स्थानीय उत्पादों और सरकारी गतिविधियों की जानकारी भी ली। मेले में भारत और नेपाल के व्यापारियों की भागीदारी के साथ पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें 23.26 करोड़ रुपये की लागत से पिथौरागढ़ में सर्किट हाउस, 13.38 करोड़ रुपये की घाट पंपिंग पेयजल योजना से जुड़े कार्य, 36.10 करोड़ रुपये की खोतिला एवं घाटधार क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा योजना और 8.80 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर पुल का निर्माण शामिल है। इसके अलावा हिमालय दर्शन शेड से संबंधित कार्यों का लोकार्पण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी अपने विचार रखे।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, विधायक विशन सिंह चुफाल, विधायक हरीश धामी, पिथौरागढ़ नगर निगम की महापौर कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाईं, पुलिस कप्तान अक्षय प्रह्लाद कोंडे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सांस्कृतिककर्मी और भारत-नेपाल के बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

