विकासनगर:विकासनगर क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल चोरी की घटना का दून पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पुलिस के मुताबिक, मुकदमा दर्ज होने के करीब तीन घंटे के भीतर ही आरोपियों तक पहुंच बना ली गई।
जानकारी के अनुसार, 3 और 4 सितंबर की रात तिमली निवासी इरशाद की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या यूके-16-2645 रिवर व्यू रिजॉर्ट, कुल्हाल के पास से चोरी हो गई थी। वाहन गायब मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर कोतवाली विकासनगर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कप्तान देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में सामने आए संदिग्धों की भी जानकारी जुटाई गई।
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। जिस आधार पर आज शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर टीम ने रिवर व्यू रिजॉर्ट के पास कच्चे रास्ते से तीन संदिग्धों इकरार(उम्र20) पुत्र गुलफाम निवासी रामपुर घाट थाना पुरुवाला सिरमौर हि0प्र0,शेरखान (उम्र 32)पुत्र नजीर निवासी रामपुर घाट थाना पुरुवाला सिरमौर हि0प्र0,मुकुल राज(उम्र24)शर्मा पुत्र राकेश सिंह निवासी काल विहार कॉलोनी देवीनगर मतरारियो पौंटा साहिब हि0प्र0,को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया।
आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने बाइक चोरी की थी,आरोपी चोरी किए गए वाहन को उसके पार्ट्स में बेचने की तैयारी में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।