
चंपावत-: धनतेरस आने में बस 1 दिन बचा है जिसके उपरांत दीपावली का महापर्व है। आगामी दीपावली, धनतेरस एवं अन्य त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण रूप से सम्पन्न कराने व सम्पूर्ण जनपद में लॉ एंड आर्डर को मजबूत बनाये रखने को आक बुधवार को पुलिस कप्तान चम्पावत रेखा यादव द्वारा आज जनपद के क्षेत्राधिकारी, सभी प्रभारी निरीक्षक,थानाध्यक्षों एवं प्रभारी अग्निशमन अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान पुलिस कप्तान द्वारा आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, पुलिस की उपस्थिति को निरंतर व प्रभावी बनाए रखने के साथ ही आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
पुलिस कप्तान ने अपनी टीम के अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि व्यापार मंडल, सीएलजी सदस्यों, ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों एवं टैक्सी चालकों के साथ बैठक कर त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं यातायात संबंधी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। कप्तान ने त्योहार के मौके पर विशेष तौर पर महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा। खासतौर पर शाम के समय बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर महिला पुलिस कर्मियों की विशेष टीम तैनात कर नियमित गश्त एवं निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों, प्रभारियों को अपने अंतर्गत ज्वेलरी शॉप, बैंक, एटीएम एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य सुरक्षा उपकरण दुरुस्त रखने हेतु निर्देशित करें।
संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित चेकिंग करने के साथ होटल, ढाबों, होमस्टे एवं किरायेदारों का सत्यापन अभियान प्रभावी रूप से चलाने को कहा। उन्होने निर्देशित किया कि पटाखों की दुकानें केवल निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही लगवाई जाएं। दुकानों से 50 से 100 मीटर की परिधि में आतिशबाजी, ज्वलनशील सामग्री अथवा आग उत्पन्न करने वाले उपकरणों के प्रयोग पर रोक सुनिश्चित करने व बाजारों, प्रमुख चौराहों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर नियमित पैदल गश्त एवं पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए।

भीड़भाड़ एवं यातायात के दबाव को देखते हुए आवश्यकतानुसार डायवर्जन एवं पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित कर आवागमन सुचारू रखने को कहा। कप्तान ने प्रभारी अग्निशमन अधिकारी को पटाखों की दुकानों एवं संवेदनशील प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के दौरान कप्तान चंपावत ने सभी अधिकारियो को किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण रूप से तैयार रहने तथा संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा।
पुलिस कप्तान रेखा ने बैठक में उपस्थित सभी को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण मुस्तैदी के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें तथा स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें।

