देहरादून-: राजधानी देहरादून के लोगो को नशे के कीचड़ में धकेलने को सक्रिय एक माँ-बेटे की जोड़ी को दून पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। दोनो के पास से पुलिस ने 17 लाख रुपये कीमत की कुल 56.56 ग्राम स्मैक बरामद की है। गिरफ्तार युवक खुद नशेड़ी है जो स्थानीय ड्रग पैडलर से स्मैक खरीदकर लाया था व अपनी माँ के साथ कॉलेज के छात्रों व नशेड़ी लोगो को बेचने जा रहा था।
आपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस द्वारा ड्रग तस्करों के खिलाफ जारी ताबड़तोड़ कार्यवाही में नेहरुकॉलोनी पुलिस द्वारा कल बुधवार को चेकिंग के दौरान एक मुखबिर की सूचना पर जोगीवाला चौक के पास से एक महिला व एक पुरूष नशा तस्करों को स्मैक संग गिरफ्तार किया। अभियुक्तो की पहचान अर्श उर्फ छररा(22) पुत्र सरताज निवासी नियर जोगीवाला चौक, नेहरू कॉलोनी, देहरादून व आसमा(50) पत्नी सरताज निवासी नियर जोगीवाला चौक, नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई। माँ-बेटे की इस जोड़ी से पुलिस ने 56.56 ग्राम स्मैक बरामद की,जिसकी बजारिया कीमत लगभग 17 लाख रुपये है। साथ ही पुलिस ने अभियुक्तो के पास से स्मैक बेचकर कमाए 7 हज़ार 120 रुपये भी बरामद किए है।
नशा तस्कर इस माँ-बेटे की जोड़ी के विरुद्ध थाना नेहरू कॉलोनी में धारा 8/21/27 ए/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक स्वयं भी नशेड़ी है। उसके द्वारा स्मैक को वह एक स्थानीय ड्रग पैडलर से खरीदा गया था, जिसे वह अपनी मां के साथ मिलकर शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं व नशे के आदी स्थानीय लोगो को बेचकर मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में था,किन्तु उससे पहले पकड़ा गया। पुलिस उक्त स्थानीय ड्रग पैडलर की जानकारी जुटा रही है।