देहरादून--: बीती बरसाती मौसम में मसूरी विधानसभा क्षेत्र में आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पेयजल लाईनों की जल्द से जल्द मरम्मत करने व अभी तक इस दिशा में हुए प्रयासों के कार्यों की समीक्षा हेतु आज कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी द्वारा जलनिगम व जलसंस्थान के अधिकारियो की बैठक ली गयी।
आज रविवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय में जलनिगम एवं जलसंस्थान के अधिकारियों की बैठक लेते हुए मसूरी विधानसभा क्षेत्र में बीती बरसात में आई आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पेयजल लाइनों की मरम्मत कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में कैबिनेट मंत्री द्वारा जिन क्षेत्रों में पाइपलाईन टूटी थी उन क्षेत्रो में मरम्मत कार्य शुरू करवाने को प्रशासनिक स्तर पर कार्यवाही कहाँ तक पहुँची है, उसकी जानकारी ली।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों को उन्होंने पेयजल लाईनों के दुरुस्तीकरण को कार्यो में तेजी लाने को कहा, जिससे लंबे समय से असुविधा झेल रहे जनमानस को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों को मसूरी विधानसभा क्षेत्र में लंबित पेयजल योजनाओं को शासन स्तर से जल्द से जल्द स्वीकृत करवाने व स्वीकृति मिलते ही कार्य प्रारंभ कर समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बहाल करना राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्य घनश्याम नेगी, सुंदर सिंह पयाल, ग्राम प्रधान संजय राणा, सचिन कुमार, जलस्थान के अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार पाल, जल निगम के ईई सत्येन्द्र पुंडीर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।