लक्ष्मणझूला:- घूमने का शौकीन एक नशेड़ी द्वारा लक्ष्मणझूला अंतर्गत एक डीलर से एक स्कूटी किराए पर ली औऱ जब वापिस करने की बारी आई तो वह गाड़ी लेकर चंपत हो गया। पुलिस से लगातार बचने के चलते पुलिस द्वारा अभियुक्त पर 5 हज़ार रुपये ईनाम घोषित किया था। जिसके तहत कड़ी तलाश के बाद पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त द्वारा स्कूटी पंजाब में एक व्यक्ति को बेचने की जानकारी दी है, जिसके सम्बंध में पुलिस जानकारी कर रही है। अभियुक्त के खिलाफ़ दिल्ली में धोखाधडी के मुकदमे दर्ज है।
बीती शुक्रवार को वादी विष्णु शाहू निवासी स्वर्गाश्रम, रामझूला द्वारा कोतवाली लक्ष्मणझूला में शिकायत दी थी कि एक अभिनव पुत्र तेजपाल सिंह, निवासी- छतरपुर साउथ दिल्ली नाम के व्यक्ति द्वारा उनकी स्कूटी संख्या यूके 14 टीबी-0267 किराये पर ली गयी थी, किन्तु तय सीमा बीत जाने के बावजूद उस व्यक्ति द्वारा वादी को स्कूटी वापिस नही की गई।जिस सम्बंध में कोतवाली लक्ष्मणझूला ने मामले में धारा- 316(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया।
जिस क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मणझूला सूर्यभूषण नेगी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त के संबंध में जानकारी एकत्रित करते हुए जांच की गई। पुलिस जांच में जानकारी हुई कि अभियुक्त दिल्ली का निवासी है। प्रकरण में पुलिस द्वारा प्राप्त साक्ष्यों को एकत्रित कर अभियुक्त के खिलाफ लगे आरोपो की सत्यता पाते हुए अभियुक्त की धरपकड़ को अपने मुखबिरी तंत्रो को मैन्युअल पुलिसिंग की। किन्तु अभियुक्त शातिर होने के चलते पुलिस की गिरफ्त से बचने को लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। अभियुक्त द्वारा लगातार फरारी काटने के चलते पुलिस कप्तान पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध 5 हज़ार का ईनाम घोषित किया गया। अभियुक्त की गिरफ्तारी को पुलिस टीम द्वारा दोबारा शुरू किए गए अभियान में पुनः लगातार अथक प्रयास करते हुए एवं कुशल सुरागसी-पतारसी के आधार पर अंततः प्रकरण में संलिप्त अभियुक्त अभिनव को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई। शातिर अभियुक्त के विरूद्ध दिल्ली में धोखाधडी के मुकदमें भी दर्ज है। गिरफ्तारशुदा अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
अभियुक्त द्वारा बताया गया कि वह नशे का आदी है तथा घुमक्कड़ प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जो लगातार विभिन्न स्थानों पर घूमता रहता है। पूछताछ के दौरान अभियुक्त द्वारा स्कूटी के संबंध में बताया गया कि वह उक्त स्कूटी को लेकर पंजाब चला गया था, जहां उसकी मुलाकात हितेश नरूला नाम के एक व्यक्ति से हुई। अभियुक्त द्वारा उक्त स्कूटी को उस व्यक्ति को बेच दिया। हालांकि, अभियुक्त उस व्यक्ति के संबंध में कोई ठोस अथवा स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं करा सका। पुलिस टीम द्वारा उक्त प्रकरण के संबंध में आवश्यक जानकारी एकत्रित करते हुए संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है तथा स्कूटी की बरामदगी हेतु अग्रिम आवश्यक कार्यवाही प्रचलित है।
